लॉन्च से पहले, मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने घोषणा की है कि आगामी सीएलए इलेक्ट्रिक भारत में दो वैरिएंट्स में उपलब्ध होगी. हमने पहले ही अधिक महंगे वेरिएंट, जिसका नाम 250+ है, को चलाकर देखा है. यह एएमजी लाइन में तैयार किया गया लॉन्ग-रेंज वैरिएंट होगा. वहीं, अधिक किफायती विकल्प को 200 स्टैंडर्ड रेंज कहा जाएगा और यह प्रोग्रेसिव लाइन ट्रिम में उपलब्ध होगा.
यह भी पढ़ें: भारत में नई मर्सिडीज-बेंज वी-क्लास रु.1.40 करोड़ में हुई लॉन्च
दोनों वैरिएंट्स की बैटरी क्षमता अलग-अलग है. CLA 200 में 58kWh की बैटरी है, जो WLTP मानकों के अनुसार 542 किमी की रेंज देती है. वहीं, CLA 250+ में 85.5kWh की बैटरी है, जो एक बार चार्ज करने पर 792 किमी तक चल सकती है. दोनों ही मॉडल नए 800-वोल्ट आर्किटेक्चर पर आधारित हैं और 240kW की DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करते हैं. इसका मतलब है कि CLA 250+ LR 20 मिनट में 400 किमी तक की रेंज बढ़ा सकती है, जबकि CLA 200 SR सिर्फ 20 मिनट में 320 किमी की रेंज बढ़ा सकती है.
मर्सिडीज-बेंज इंडिया का कहना है कि 250+ लॉन्ग रेंज और 200 स्टैंडर्ड रेंज, दोनों के इक्विपमेंट लेवल में कोई बदलाव नहीं होगा. एसआर में कंफर्ट सीट्स, मल्टीफंक्शन स्पोर्ट्स लेदर स्टीयरिंग व्हील और इंटीरियर ट्रिम के दो विकल्प मिलेंगे. इसमें अलग बंपर डिजाइन, छोटे अलॉय व्हील और थोड़ा कम स्पोर्टी केबिन लेआउट होगा.
दोनों वेरिएंट्स के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है और इन्हें रु.1.50 लाख देकर बुक किया जा सकता है. CLA वेरिएंट की प्री-बुकिंग करने वाले ग्राहकों को एक वॉल बॉक्स चार्जर मुफ्त में दिया जाएगा. कीमत की बात करें तो, 250+ लॉन्ग रेंज की अनुमानित कीमत रु.59 लाख (एक्स-शोरूम) है. वहीं, 200 स्टैंडर्ड रेंज की लॉन्च के समय अनुमानित कीमत रु.55 लाख (एक्स-शोरूम) होगी. LR और SR वेरिएंट की डिलेवरी क्रमशः अप्रैल और जून के अंत से शुरू होगी.
Stay updated with automotive news and reviews right at your fingertips through carandbike.com’s WhatsApp Channel.

